जनपद अम्बेडकर नगर के पुलिस मुख्यालय पर 12 अप्रैल 2025 को अमर उजाला द्वारा दोस्त पुलिस अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना की महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, उनकी समस्याओं की सुनवाई, समाधान की प्रक्रिया, साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री विशाल पाण्डेय ने कहा

“मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि महिलाएं निडर होकर अपनी समस्याएं सामने रख सकें और उन्हें त्वरित न्याय मिल सके। साइबर सुरक्षा आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती है, इसलिए बालिकाओं को जागरूक करना बेहद आवश्यक है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और समाज के बीच संवाद को सशक्त बनाना है ताकि पारदर्शिता और विश्वास की भावना को बढ़ावा मिल सके। ‘दोस्त पुलिस’ की अवधारणा तभी सफल हो सकती है जब जनता और पुलिस एक-दूसरे के सहयोगी बनें।
उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में महिलाओं की स्थिति को सुदृढ़ किया जा सकता है और विवादों का समाधान शांति और संवाद के माध्यम से संभव है।