अम्बेडकर नगर, बसखारी नगर पंचायत के अंतर्गत अशरफपुर में लगभग 50 बीघे जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। यह कार्रवाई प्रशासन एवं नगर पंचायत अशरफपुर के अध्यक्ष ओंकार गुप्ता के अथक प्रयासों से संभव हो सकी। यह भूमि वक्फ बोर्ड के नाम पर दर्ज बंजर भूमि व कब्रिस्तान की थी, जिस पर गुंडों और माफियाओं ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था। अध्यक्ष ओंकार गुप्ता ने जानकारी दी कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि पर आगामी समय में मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित बंजर भूमि किसी की निजी संपत्ति नहीं होती, बल्कि उस पर नगर पंचायत का अधिकार होता है और वही उसका उचित उपयोग कर सकती है। इससे पहले, अध्यक्ष ओंकार गुप्ता को विनोद यादव नामक व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। फिलहाल भी नगर पंचायत अध्यक्ष ओंकार गुप्ता पर जान-माल का खतरा बना हुआ है। खतरे को देखते हुए ओंकार गुप्ता ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। नगर पंचायत द्वारा उठाया गया यह कदम स्थानीय जनता के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है