पत्रकार डीके सागर
अम्बेडकरनगर: मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला थाना अम्बेडकरनगर में थानाध्यक्ष शिवांगी त्रिपाठी और महिला हेल्प डेस्क कर्मियों द्वारा दो विवाहित जोड़ों के बीच पारिवारिक विवाद को सुलझाकर उन्हें राजी-खुशी विदा किया गया। बीते दिनांक 28 फरवरी 2025 को महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया। महिला थानाध्यक्ष शिवांगी त्रिपाठी, उपनिरीक्षक सुषमा, महिला आरक्षी प्रिया मिश्रा और सविता ने मध्यस्थता करते हुए दोनों पक्षों को समझाया।
जानकारी के अनुसार, छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों दंपतियों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था, जिससे नाराज होकर पत्नियाँ अपने मायके चली गई थीं। पति को अपनी गलती का अहसास हुआ, जिसके बाद पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समझौता कराने का प्रयास किया गया।
थाना पुलिस की समझाइश के बाद दोनों जोड़ों ने एक-दूसरे के साथ रहने का निर्णय लिया और खुशी-खुशी घर लौटे। इस सफल मध्यस्थता के लिए दंपतियों ने अम्बेडकरनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
मिशन शक्ति अभियान: महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण की दिशा में प्रयास*
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इस प्रकार की पहल न केवल परिवारों को टूटने से बचाती है, बल्कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने में भी सहायक होती है।
महिला थानाध्यक्ष ने अपील की कि किसी भी प्रकार की पारिवारिक समस्या, घरेलू हिंसा या महिला उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं बेहिचक महिला हेल्प डेस्क से संपर्क करें। पुलिस द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।