अम्बेडकरनगर। बसखारी थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक अंतर्जनपदीय गांजा तस्कर गिरोह की एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला के पास से 2.326 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹2.32 लाख आंकी गई है।पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना पर मिली, जिसके आधार पर डोडो नहर बाईपास के पास से अभियुक्ता अंजली उर्फ रूपाली देवी, निवासी ग्राम पुरवा मकदूमपुर, थाना जैतपुर को पकड़ा गया।पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह बिहार से गांजा खरीदती थी और उसे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों—जैसे आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अयोध्या और अम्बेडकरनगर—में बेचती थी।बसखारी थाना प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्ता के खिलाफ पहले से भी आजमगढ़ के अलीगंज व बसखारी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार महिला को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।